Home कुदरा कुदरा में नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप, पूर्व प्रखंड समन्वयक...

कुदरा में नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप, पूर्व प्रखंड समन्वयक पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज

कुदरा में नौकरी दिलाने के नाम पर वसूली, पूर्व प्रखंड समन्वयक पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस

Bihar: कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान से जुड़े एक पूर्व प्रखंड समन्वयक पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे लेने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर कुदरा थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वर्तमान प्रखंड समन्वयक (स्वच्छता) अजय कुमार राम ने थाना में आवेदन देकर बताया कि भदौला पंचायत के भुड़वा गांव निवासी गीता देवी तथा देवराढ़ कला खुर्द पंचायत के गजिरहां गांव निवासी जनार्दन पाठक ने उप विकास आयुक्त को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तत्कालीन प्रखंड समन्वयक रविंद्र कुमार ने सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अपने गूगल पे नंबर पर उनसे रुपये मंगवाए। आवेदन की जांच के बाद मामला दर्ज कराया गया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेना सेवा आचरण के नियमों के विपरीत है। आरोपित रविंद्र कुमार वर्तमान में दुर्गावती प्रखंड में प्रखंड समन्वयक के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, कुदरा थाना कांड संख्या 259/26 के तहत प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपाल कृष्णा को सौंपी गई है। गौरतलब है कि कुदरा प्रखंड में स्वच्छता व्यवस्था पहले से ही सवालों के घेरे में रही है। प्रखंड मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे के ढेर अभियान की स्थिति पर सवाल खड़े करते रहे हैं। ऐसे में नौकरी दिलाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप सामने आने से पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

 

 

 

Exit mobile version