Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली चोरी की शिकायत मिलने के बाद भभुआ ग्रामीण क्षेत्र के सहायक विद्युत अभियंता चंदन कुमार कौशल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने करजी गांव में जांच अभियान चलाया। इस दौरान रोहित रंजन, पिता दयाल प्रसाद, के परिसर की जांच की गई। जांच में विभागीय अधिकारियों ने पाया कि मीटर तक जाने वाली सर्विस लाइन के अतिरिक्त तीन अन्य तार जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था मीटर को बायपास कर सीधे एलटी लाइन से बिजली लेने के उद्देश्य से की गई थी, जिससे विभाग को राजस्व की क्षति पहुंच रही थी।
छापेमारी के दौरान किए गए आकलन में कुल 5286 वाट विद्युत भार का अवैध उपयोग पाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य के रूप में पीवीसी तार का एक हिस्सा जब्त किया और संबंधित उपभोक्ता के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹3,06,837 का आर्थिक दंड निर्धारित किया। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार उपभोक्ता पर पहले से ₹1,173 का बिजली बिल भी बकाया था। इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता द्वारा चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने का अनुरोध किया गया। थाना अध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर बिजली चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



