Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि औरंगाबाद की ओर से एक कंटेनर में मवेशियों को अवैध तरीके से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने डिडखिली टोल प्लाजा के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर पुलिस को देखकर तेजी से आगे निकलने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान कंटेनर से कुल 28 मवेशी बरामद हुए, जिन्हें पुलिस के मुताबिक बेहद क्रूरता पूर्वक बांधकर रखा गया था। कंटेनर का रजिस्ट्रेशन नंबर BR02GD 3824 बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान मोहम्मद इरफान आलम, पिता अबरार मियां, निवासी प्रतापपुर थाना प्रतापपुर, जिला चतरा; शमशेर अली, पिता इस्माइल मियां, निवासी हुवाजांग थाना प्रतापपुर, जिला चतरा और जसिम, पिता हासिम, निवासी कांटा टोली थाना सदर, रांची के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मवेशियों और कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।