Home कैमूर आंगन में सो रही महिला को जहरीले सांप ने डंसा, इलाज के...

आंगन में सो रही महिला को जहरीले सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत; 6 बच्चों की मां के परिवार ने मांगा मुआवजा

कैमूर में जहरीले सांप के डंसने से महिला की मौत, परिजनों ने मांगा मुआवजा

Bihar: कैमूर जिले में बारिश के बीच जहरीले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। महिला रात में खेत में रोपनी का काम करके घर लौटी थी और खाना खाने के बाद घर के आंगन में सो गई थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना भभुआ थाना क्षेत्र के देवरजी कला गांव की है। मृतका की पहचान गांव निवासी लक्ष्मण राम की 45 वर्षीय पत्नी तेतरा देवी के रूप में हुई है। मृतका के पति लक्ष्मण राम ने बताया कि उनकी पत्नी दिनभर खेत में रोपनी का काम करने के बाद रात में घर लौटी थी। खाना खाने के बाद वह घर के आंगन में सो गई। इसी दौरान सांप ने उसे डंस लिया। सांप के काटने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और वह छटपटाने लगी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से तेतरा देवी को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद मृतका के परिवार और गांव में मातम का माहौल है। मृतका के पति लक्ष्मण राम ने बताया कि उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी बच्चों की शादी अभी करनी है। पत्नी की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कैमूर जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय भी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी बीडीओ से भी बातचीत हुई है और सहायता राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई है। पंकज कुमार उपाध्याय ने जिला प्रशासन और सरकार से मृतका के परिजनों को नियमानुसार सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। बारिश के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीवों के घरों में पहुंचने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। जमीन के अंदर पानी भरने के कारण सांप-बिच्छू जैसे जीव सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों, आंगन और आसपास के स्थानों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में लोगों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं चिकित्सकों का सलाह है कि बारिश के मौसम में घर के आसपास साफ-सफाई रखें, अंधेरे स्थानों में जाने से पहले अच्छी तरह जांच कर लें और सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें।

 

Exit mobile version