Home वैशाली नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद बैनर-पोस्टर फाड़ने पर पुलिस का शिकंजा,...

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद बैनर-पोस्टर फाड़ने पर पुलिस का शिकंजा, 10 गिरफ्तार

नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद बैनर-पोस्टर फाड़ने पर 10 गिरफ्तार, 200 लोगों पर केस

Bihar: हाजीपुर, नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ने के मामले में वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 11 नामजद सहित 150 से 200 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले को लेकर वैशाली के एसएसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं एनडीए के अन्य नेताओं द्वारा नीतीश सेतु का लोकार्पण किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में करीब 150 से 200 लोगों ने एकत्रित होकर छह लेन सड़क पर लगाए गए सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान विधि-व्यवस्था प्रभावित करने और कार्यक्रम की गरिमा भंग करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान एक राजनीतिक दल विशेष के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। घटना को लेकर दंडाधिकारी के बयान पर रुस्तमपुर थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज किया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक अनुसंधान में सरकारी कार्यों के निष्पादन में बाधा उत्पन्न करने और सुनियोजित तरीके से भीड़ एकत्रित करने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नए सिरे से प्राथमिकी भी दर्ज की जा सकती है।

गिरफ्तार आरोपितों में वैशाली और पटना के निवासी शामिल

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों में धीरज कुमार, पिता स्वर्गीय कपिलेश्वर राय, प्रमोद कुमार, पिता डोमन राय और गौतम कुमार उर्फ सुजीत कुमार, पिता बृजनंद राय, तीनों निवासी रुस्तमपुर शामिल हैं। इसके अलावा हरेराम राय, पिता अमरनाथ राय, निवासी मिर्जापुर, राहुल कुमार, पिता सुरेश राय, निवासी जफराबाद, रवि कुमार, पिता रणविजय राय, निवासी नरगमा पहाड़पुर पश्चिम, विशाल कुमार, पिता किशोर मंडल, निवासी जफराबाद और सतेन्द्र राय, पिता स्वर्गीय लालबाबू राय, निवासी मिर्जापुर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, शिवम कुमार, पिता महेश राय, निवासी टेढ़ी पुल, थाना जंदाहा तथा अविनाश कुमार, पिता मच्छु राय, निवासी दीदारगंज, जिला पटना को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

अन्य आरोपितों की तलाश जारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय और सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार भी मौजूद रहे। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मामले का अनुसंधान जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वीडियो फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version