Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर हाटा गवई का एक व्यक्ति क्षेत्र में पहुंचने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने हाटा-महदाइच रोड पर सतौना नहर पुल के समीप जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक टेंपो से उतरकर सफेद-पीले रंग का बोरा लेकर पैदल हाटा गवई की ओर जा रहे एक व्यक्ति पर पुलिस की नजर पड़ी। संदेह के आधार पर पुलिस बल ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बसंत चौहान के रूप में बताई। इसके बाद उसके पास मौजूद बोरे की तलाशी ली गई, जिसमें शराब के टेट्रा पैक छिपाकर रखे गए थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने राइडर मसाला ब्रांड के 200 एमएल के 25 टेट्रा पैक तथा ब्लू लाइम ब्रांड के 200 एमएल के 34 टेट्रा पैक बरामद किए। इस प्रकार कुल 59 टेट्रा पैक शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 11.8 लीटर है। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हाटा-महदाइच रोड से शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को थाना लाने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



