Homeचैनपुरहाटा-चैनपुर में जाम से मिलेगी राहत! एसडीएम की बड़ी बैठक में लिए...

हाटा-चैनपुर में जाम से मिलेगी राहत! एसडीएम की बड़ी बैठक में लिए गए कड़े फैसले, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चलेगा अभियान

हाटा-चैनपुर में जाम पर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने और बड़े वाहनों पर रोक का फैसला

Bihar: कैमूर जिले के हाटा और चैनपुर बाजार में रोजाना लगने वाले भीषण सड़क जाम को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत हाटा के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) अमित कुमार की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या खत्म करने को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक में ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग, मोटरयान निरीक्षण विभाग समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बैठक में सबसे पहले हाटा बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया गया। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की सूची तैयार की जाएगी। अगर चेतावनी के बाद भी दोबारा सड़क पर कब्जा किया गया तो संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। दुकानदारों को साफ निर्देश दिया गया कि वे नाली से तीन फीट के अंदर ही अपनी दुकान लगाएंगे।
ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। अब बाजार में जहां-तहां ई-रिक्शा खड़ा कर सवारी बैठाने की अनुमति नहीं होगी। ई-रिक्शा के लिए अलग से निर्धारित स्टैंड बनाया जाएगा और वहीं से सवारी बैठानी होगी। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बाजार में बाइक खड़ी कर लंबे समय तक गायब रहने वाले वाहन चालकों पर भी जुर्माना लगाने की बात कही गई। प्रशासन का कहना है कि अव्यवस्थित पार्किंग भी जाम की बड़ी वजह बन चुकी है। एसडीएम अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह बैठक बुलाई गई है।

उन्होंने कहा कि हाटा नगर पंचायत क्षेत्र में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती भी की जाएगी ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। वहीं चैनपुर बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-219 के किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। खासकर सीमेंट, बालू और गिट्टी का सामान सड़क किनारे गिराकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को 24 घंटे की चेतावनी दी गई है। तय समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर सामान जब्त कर नीलामी की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी प्रतीक्षा प्रजापति, नगर पंचायत हाटा अध्यक्ष रमेश जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार केसरी, जिला परिवहन पदाधिकारी आलोक सिंह, मोटरयान निरीक्षक चंद्रप्रकाश, डीसीपी ट्रैफिक दयानंद कुमार, बीडीओ शुभम प्रकाश, सीओ अनिल सिंह, चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments