Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, हाटा नगर पंचायत के अवंखरा गांव निवासी कालिका गौड़ का निधन हो गया था। उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था। शव वाहन में परिजन और गांव के लोग समेत कुल 17 लोग सवार थे। इसी दौरान 25 मई की रात करीब 1 बजे उत्तर प्रदेश के चंदौली इलाके में सामने से आ रहे ट्रक ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में बैठे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों में वार्ड पार्षद बाबूराम गौड़, गोविंद गौड़, पवन गौड़, प्रमोद गौड़, श्रेख्या शर्मा और छैवर गौड़ सहित अन्य लोग शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल और वार्ड पार्षद डिंपल जायसवाल मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।



