Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब्जी के कैरेट लदी एक पिकअप हाटा की ओर से भभुआ की तरफ जा रही थी। वाहन काफी तेज गति में था। मुंडेश्वरी गेट के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे लगे बिजली पोल से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति तत्काल ठप हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के समय सामने से एक ऑटो आ रहा था, जिसमें कई यात्री सवार थे। संयोग अच्छा रहा कि ऑटो चालक ने समय रहते वाहन को संभाल लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल चैनपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पिकअप की टक्कर से एक विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस को मौके पर भेजा गया है। चालक फरार है और वाहन को कब्जे में लेकर थाना लाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



