Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नौकरी का झांसा, फिर कैद का खेल
जानकारी के अनुसार हरियाणा के सोनीपत निवासी खुशबू चौहान को नोएडा सेक्टर-12 की रहने वाली संगीता देवी ने नावकोठी में आर्केस्ट्रा में काम दिलाने का लालच देकर बुलाया था। लेकिन यहां पहुंचते ही पूरा मामला पलट गया।
नावकोठी में कार्यक्रम के बाद जब पीड़िता ने मेहनताना मांगा, तो उसे नागदह स्थित एक किराए के मकान में बुलाया गया, जहां अमरजीत कुमार और संगीता देवी ने मिलकर उसे एक कमरे में बंद कर दिया।
मोबाइल छीना, गलत काम के लिए दबाव
पीड़िता के मुताबिक, कमरे में बंद करने के बाद उसका मोबाइल छीन लिया गया और लगातार देह व्यापार में धकेलने का दबाव बनाया जा रहा था। इतना ही नहीं, उसी मकान में कई अन्य लड़कियों को भी इसी तरह कैद कर रखा गया था।
एक कॉल ने बदल दी कहानी
बंधक बनी पीड़िता को किसी तरह एक कीपैड फोन मिला, जिससे उसने डायल 112 पर कॉल कर अपनी लोकेशन और आपबीती बताई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और छापेमारी कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। मौके से पुलिस ने अमरजीत कुमार और संगीता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मानव तस्करी गिरोह की आशंका
पुलिस अब इस पूरे मामले को संगठित मानव तस्करी और देह व्यापार के नेटवर्क से जोड़कर देख रही है। आशंका है कि अन्य राज्यों से भी लड़कियों को इसी तरह फंसाकर अवैध काम में लगाया जा रहा था। थानाध्यक्ष विकास कुमार के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



