Homeजमुईनवोदय विद्यालय छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप,...

नवोदय विद्यालय छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, सड़क जाम कर किया हंगामा

जमुई नवोदय विद्यालय छात्र मौत: फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Bihar: जमुई जिले के बरहट स्थित नवोदय विद्यालय से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां छात्रावास के बाथरूम में 10वीं के छात्र का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है। मृतक की पहचान मलयपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी तारकेश्वर प्रसाद पंडित के पुत्र आनंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को छात्रावास के अन्य छात्रों ने बाथरूम में आनंद को गमछे के फंदे से झूलता देखा। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लोगों को समझाते बुझाता पुलिस
लोगों को समझाते बुझाता पुलिस

 

परिजनों का आरोप: “यह आत्महत्या नहीं, हत्या है”

मृतक के स्वजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आनंद के शरीर पर मारपीट के निशान थे, जिससे यह मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

सड़क जाम कर फूटा गुस्सा

घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने देर शाम कचहरी चौक को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण चारों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

स्कूल प्रबंधन का पक्ष

वहीं विद्यालय के प्रिंसिपल सुजीत कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आनंद पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था और डिप्रेशन से जूझ रहा था। उनके अनुसार, यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।

पुलिस जांच जारी

सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments