Bihar | कैमूर (चैनपुर): कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर–मुड़ी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जगरिया चावल मिल के पास एक तेज़ रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार, आशीष कुमार, पिता रामप्रसाद चौहान, निवासी ग्राम खजुरा, थाना अलीनगर, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) अपने साले रोहित कुमार, पिता ओमप्रकाश चौहान के साथ मोटरसाइकिल से चैनपुर से मुड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जगरिया चावल मिल के समीप पीछे से आ रही पीले रंग की स्कूल बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली स्कूल बस का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-45-P-7368 है। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों द्वारा घायलों को बेहतर इलाज के लिए रमादेवी अस्पताल, मुगलसराय ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, आशीष कुमार की हालत में सुधार है, जबकि रोहित कुमार की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस मामले को लेकर चैनपुर थाने में पीड़ित द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है।
मामले पर जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में घायल बाइक सवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।