Home बेगूसराय इंस्टाग्राम से शुरू हुआ इश्क, शक में बदली मोहब्बत और अंत में...

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ इश्क, शक में बदली मोहब्बत और अंत में पत्नी की हत्या—पति निकला कातिल

इंस्टाग्राम प्यार बना हत्या की वजह, पत्नी की गोली मारकर हत्या—पति गिरफ्तार |

Bihar | बेगूसराय: बेगूसराय जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहाँ इंटरनेट मीडिया से शुरू हुई दोस्ती और अवैध प्रेम संबंध ने एक महिला की जान ले ली। इस हत्याकांड में पुलिस ने किसी बाहरी अपराधी को नहीं, बल्कि महिला के अपने ही पति को गिरफ्तार किया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मामला तेयाय थाना क्षेत्र का है, जहाँ रविवार को रघुनंदनपुर गांव निवासी सुमन कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतका के पति चंदन चौधरी और उसकी नाबालिग बेटी ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि दो बाइक सवार अपराधियों ने पूर्व विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है।

हालांकि, पुलिस की गहन जांच में यह कहानी पूरी तरह से झूठी साबित हुई। जांच की दिशा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, शक की सुई मृतका के पति चंदन चौधरी पर जा टिकी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि चंदन चौधरी ने ही अपनी पत्नी सुमन कुमारी की गोली मारकर हत्या की है। हत्या की वजह पत्नी के कथित अवैध संबंध बताए जा रहे हैं।

एसपी ने बताया कि चंदन को अपनी पत्नी पर लंबे समय से शक था। करीब चार सालों से सुमन की एक युवक से नजदीकियां थीं। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और सुमन अक्सर अपने प्रेमी से मिलने जाया करती थी। पति ने कई बार इसका विरोध किया और समझाने की कोशिश भी की, लेकिन जब हालात नहीं बदले तो उसने पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी को सुमन कुमारी अपने पति और छोटी बेटी के साथ बहन के यहां पूजा समारोह में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में शौच जाने के बहाने पति ने उसे गोली मार दी और फिर खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए फरार अपराधियों की झूठी कहानी गढ़ दी।

हत्या के बाद चंदन चौधरी रो-रोकर गांव के एक युवक पर आरोप लगाता रहा, लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। पुलिस ने तकनीकी और ठोस सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
फिलहाल आरोपी पति को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version