Bihar | Kaimur (चैनपुर) कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में विद्युत चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग गांवों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पांच उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। सभी के खिलाफ जुर्माना लगाते हुए चैनपुर थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
चैनपुर विद्युत कनीय अभियंता शंभू कुमार सिंह द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया कि विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में सहायक विद्युत अभियंता परियोजना कैमूर संतन कुमार कौशल सहित अन्य क्षेत्रीय कर्मी शामिल थे। टीम ने चैनपुर बाजार और नगर पंचायत हाटा क्षेत्र में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान सबसे पहले चैनपुर बाजार में कमलेश तिवारी (पिता–स्व. मदन तिवारी) के यहां जांच की गई। जांच में पाया गया कि बिना विद्युत कनेक्शन के चोरी से 1492 वाट विद्युत ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा था। इस पर उनके ऊपर 1,13,740 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दूसरी कार्रवाई नगर पंचायत हाटा में प्रियांशु कुमार पटवा (पिता–अनिल कुमार पटवा) के यहां की गई। यहां मीटर को बायपास कर अवैध रूप से बिजली उपयोग करने का मामला सामने आया। इस पर 68,669 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही पूर्व से बकाया 13,248 रुपये जोड़कर कुल 81,917 रुपये देय ठहराया गया।
इसी क्रम में नगर पंचायत हाटा निवासी दुखंती हलवाई (पिता–स्व. चमरू हलवाई) के यहां भी मीटर बायपास कर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिन पर 27,946 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
हाटा वार्ड संख्या-1 निवासी नूरजहां बेगम (पति–शहाबुद्दीन राइन) के यहां जांच में पाया गया कि 85,236 रुपये बिजली बिल बकाया रहने के कारण कनेक्शन काट दिया गया था, इसके बावजूद चोरी से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस मामले में 9,812 रुपये का जुर्माना लगाया गया। बकाया राशि जोड़कर कुल 95,048 रुपये उन्हें देय है।
वहीं मंजू देवी (पति–हनुमान प्रसाद सेठ) के यहां भी मीटर बायपास कर बिजली उपयोग का मामला सामने आया। उन पर 11,781 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि पहले से 26,433 रुपये बकाया थे। इस प्रकार कुल 38,214 रुपये की राशि देय है। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विद्युत चोरी के मामलों में प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



