Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता शंभू कुमार सिंह की ओर से चैनपुर थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, लोदीपुर गांव में बिजली चोरी की सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान पांच घरों में मीटर बायपास कर विद्युत ऊर्जा का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने मौके से बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे पीवीसी तार भी जब्त किए। कार्रवाई की जद में आए उपभोक्ताओं में विजय सिंह पर 8,328 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उनके ऊपर पहले से 3,065 रुपये का बकाया भी दर्ज है। वहीं तारा पांडे पर 42,289 रुपये, महेश खरवार पर 10,954 रुपये, बेचू हजाम पर 9,279 रुपये और गौतम शर्मा पर 17,839 रुपये का जुर्माना किया गया है।
सभी संबंधित उपभोक्ता लोदीपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। विद्युत विभाग की शिकायत के आधार पर चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि बिजली चोरी को लेकर प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



