Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घायल की पहचान देसरी थाना क्षेत्र के बलिया गांव निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो आरएन कॉलेज के समीप किराए के मकान में रहकर किराना दुकान चलाते हैं। बताया गया कि घटना में उन्हें तीन गोलियां लगी हैं, जिनमें दो हाथ में और एक सीने में लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, आईटीबीपी जवान रोहित कुमार उर्फ शैलेंद्र सिंह ने जितेंद्र सिंह को फोन कर अपने घर बुलाया था। दोनों के बीच पहले से पारिवारिक और अन्य विवाद चल रहा था। बातचीत के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान जितेंद्र सिंह ने जवान पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद जवान ने अपनी पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी आईटीबीपी जवान को हिरासत में लेते हुए उसके पास से पिस्टल और चाकू बरामद कर लिया। घटना को लेकर सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के विवाद और जमीन संबंधी मामले की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी जवान से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



