Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार ग्राम रूपीन निवासी कमलेश बिंद की 45 वर्षीय पत्नी सोनी देवी का किसी बात को लेकर अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद महिला घर से निकलकर दुर्गावती पहुंच गई और रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गई। इसी दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों की नजर महिला पर पड़ी। लोगों ने तुरंत महिला को पटरी से हटाया और घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना की 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाकर अपने साथ थाना ले गई। बाद में चैनपुर थाना को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद महिला को चैनपुर थाना लाकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि घरेलू विवाद के कारण महिला आत्महत्या करने के उद्देश्य से रेलवे पटरी पर पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों की जागरूकता और पुलिस की सक्रियता से समय रहते महिला को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि महिला को समझाने-बुझाने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही परिवार के लोगों को भी भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने की हिदायत दी गई।



