Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पहले मकान का दरवाजा तोड़ा, फिर दुकान में घुसे
पीड़ित व्यवसायी कृष्णा सोनी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे पांच अपराधी दुकान के पास पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले उस मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़ा, जिसमें उनकी आभूषण दुकान संचालित होती है। इसके बाद लोहे की छड़ और लकड़ी के डंडे से शटर को जबरन उठाकर तोड़ दिया गया। अपराधियों में से तीन दुकान के भीतर दाखिल हुए, जबकि दो बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे। करीब तीन बजे तक उनकी गतिविधियां जारी रहीं। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी कुदरा रेलवे स्टेशन की दिशा में फरार हो गए।
सुबह टूटा शटर देखकर खुला मामला
सुबह स्थानीय लोगों ने मकान का मुख्य दरवाजा और दुकान का शटर टूटा देखा। इसके बाद व्यवसायी को चोरी की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, सीसी कैमरों में कैद फुटेज को खंगाला जा रहा है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और डीआईयू की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीमों ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस वरीय अधिकारियों के निर्देशन में अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।
चोरी के बाद व्यापारियों में बढ़ी चिंता
लालापुर बाजार में आभूषण दुकान में हुई चोरी से स्थानीय व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। युवा भाजपा नेता और स्थानीय व्यवसायी अंशु गुप्ता ने रात की पुलिस गश्ती और बाजार की प्रकाश व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लालापुर बाजार में कई स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में अंधेरा रहता है। इसका असर दुकानों के सीसी कैमरों की रिकॉर्डिंग पर भी पड़ता है। उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने और बाजार में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की, ताकि भविष्य में अपराधी दुकानों को आसानी से निशाना न बना सकें। पुलिस फिलहाल सीसी कैमरों के फुटेज और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है।



