बेगूसराय (बिहार): जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रुदौली गांव में रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हथियार के बल पर घर में घुसकर आरोपियों ने पिता और उनके दो बेटों को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

एक लाख रुपये की मांग, मना करने पर हमला
परिजनों के अनुसार, घटना के समय प्रिंस कुमार घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग पहुंचे और एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। जब प्रिंस ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने हथियार दिखाकर घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में शंकर झा और उनके पुत्र गौतम कुमार व प्रिंस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद तीनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से मिले आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से रुदौली गांव में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



