Home मुजफ्फरपुर मुजफ्फरपुर में दस्तावेजी फर्जीवाड़े का खुलासा, UIDAI मशीन से लेकर क्लोन अंगूठे...

मुजफ्फरपुर में दस्तावेजी फर्जीवाड़े का खुलासा, UIDAI मशीन से लेकर क्लोन अंगूठे तक बरामद; दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में फर्जी आधार-पासपोर्ट मामले का खुलासा, दो गिरफ्तार

Bihar: मुजफ्फरपुर में फर्जी आधार कार्ड तैयार करने और जाली दस्तावेजों के जरिए विदेशी नागरिक का पासपोर्ट बनवाने से जुड़े मामले में नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में डिजिटल माध्यम से दस्तावेजों में हेरफेर किए जाने के साथ-साथ आधार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के अनधिकृत इस्तेमाल की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि मोतीझील स्थित उमा मार्केट के कन्हाई कम्युनिकेशन में दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद नगर थाना पुलिस ने दुकान पर छापेमारी की। मौके से पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र निवासी साहिल कुमार को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, आधार एनरोलमेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर, UIDAI मशीन, फिंगर प्रिंट स्कैनर, आइरिस स्कैनर, क्लोन थंब इम्प्रेशन उपकरण, आठ मूल आधार कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में साहिल ने बताया कि वह वर्ष 2019 से उक्त दुकान में काम कर रहा था और आधार कार्ड बनाने के साथ ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदन का काम भी करता था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मोबाइल की जांच से खुला पासपोर्ट का कनेक्शन

जांच के दौरान साहिल के मोबाइल और ई-मेल की तकनीकी पड़ताल की गई। इसी क्रम में पासपोर्ट संख्या U2185640 से संबंधित जानकारी पुलिस के हाथ लगी। पुलिस के अनुसार, जांच में गलत सूचना और जाली दस्तावेजों के आधार पर एक बांग्लादेशी नागरिक के नाम से पासपोर्ट जारी कराए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की कड़ी आगे बढ़ाते हुए सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र निवासी शिव कुमार पंडित के ठिकाने पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शिव कुमार पंडित ने बताया कि वह बोरिंग कैनाल रोड स्थित एक एजेंसी में आधार ऑपरेटर के रूप में काम करता था। उसके पास UIDAI मशीन का इस्तेमाल करने की सुविधा थी। पुलिस का दावा है कि जांच में मशीन और UIDAI सिस्टम को अन्य साइबर कैफे संचालकों तक उपलब्ध कराने से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है।

तीन मोबाइल और दो लैपटॉप समेत कई उपकरण जब्त

पुलिस कार्रवाई में कुल तीन मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक क्लोन थंब इम्प्रेशन, एक आइरिस स्कैनर, एक फिंगर स्कैनर और आठ मूल आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज एवं डिजिटल सामग्री बरामद की गई है। मामले में नगर थाना कांड संख्या 547/2026 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनके आधार पर पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग शामिल थे। अपर पुलिस अधीक्षक नगर-01 सुरेश कुमार के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version