Home मोहनिया मोहनियां में ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की...

मोहनियां में ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत

मोहनियां में ट्रेन हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत

Bihar: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बरेज गांव के पास पंडित दिनदयाल उपाध्याय-गया रेलवे लाइन के डीएफसीसी रेल ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बरेज गांव निवासी मदन साह के 24 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार और 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई मंगलवार की सुबह घर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी घने कोहरे की वजह से उन्हें आती हुई मालगाड़ी दिखाई नहीं दी और ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS Newsपरिवार के सदस्यों के अनुसार मदन साह के चार बेटों में प्रिंस और रोहित दूसरे और तीसरे नंबर पर थे। बड़ा भाई बाहर निजी नौकरी करता है, जबकि सबसे छोटा भाई घर पर रहता है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण दोनों भाई गांव में ठेले पर अंडा बेचकर घर का खर्च चलाने में सहयोग करते थे। घटना की जानकारी उस समय मिली जब खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर दो युवकों के शव पड़े देखे। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पहचान होने पर परिवार में मातम छा गया।

सूचना मिलने पर रेलवे प्रोटेक्शन फाॅर्स की टीम और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आरपीएफ पोस्ट भभुआ रोड के एएसआई एस.के. पांडे ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया। एक ही परिवार के दो बेटों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जब दोनों भाइयों की अर्थी घर से निकली तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

Exit mobile version