Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैमूर डेयरी मोहनियां में प्लांट मैनेजर के पद पर कार्यरत मुकेश कुमार सिन्हा (पिता- बनारस प्रसाद, निवासी- नालंदा) रविवार सुबह मोहनियां-भभुआ मार्ग पर टहलने निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज गति के टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उठाकर अनुमंडल अस्पताल, मोहनियां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
अस्पताल में जांच के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट की पुष्टि हुई। अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए लाया गया था। प्रारंभिक जांच में सिर पर गंभीर चोट पाई गई, जिसके बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बाद फरार हुए टेंपो चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



