Home दुर्गावती मां की मौत का ग़म अभी थमा भी नहीं था, सड़क हादसे...

मां की मौत का ग़म अभी थमा भी नहीं था, सड़क हादसे ने छीन लिया बेटा अरुण सिंह समेत दो की मौत

मां की मौत के बाद बेटे की सड़क हादसे में मौत | कैमूर खजुरा पुल दुर्घटना | Bihar News

खजुरा ऊपरी पुल दुर्घटना

Bihar, कैमूर (भभुआ): कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरा ऊपरी पुल के समीप शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान अरुण सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

खजुरा ऊपरी पुल दुर्घटना

हादसे की सबसे हृदयविदारक बात यह है कि मृतक अरुण सिंह के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूट चुका था। बीते 3 फरवरी को उनकी मां का निधन हुआ था और अब सड़क हादसे में बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है।

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ हादसा
मृतक अरुण सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, पिता– स्वर्गीय तूफानी सिंह, ग्राम माझवार खास, थाना चंदौली (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए जाते हैं।
मृतक के छोटे भाई अजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम अरुण सिंह घर से निकले थे। इसी दौरान दुर्गावती थाना क्षेत्र के खजुरा ऊपरी पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

सड़क किनारे पड़े मिले दोनों घायल
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे दो लोगों को गंभीर अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गावती थाना के सब इंस्पेक्टर कृष्णा कुमार पंडित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद एनएचआई की एंबुलेंस की सहायता से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।

दूसरे मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
इस संबंध में दुर्गावती थाना के सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार पंडित ने बताया कि हादसे में मारे गए दूसरे व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक अरुण सिंह के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से खजुरा ऊपरी पुल समेत इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Exit mobile version