Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 8 अप्रैल को चुनाव स्थगित कर दिया गया। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर मनोज कुमार जायसवाल और पूर्व पैक्स अध्यक्ष राजकमल सिंह के समर्थक उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई, फिर देखते ही देखते मामला हाथापाई और लाठी-डंडे की मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा साफ देखा जा सकता है। इस झड़प में मनोज कुमार जायसवाल और उनके भाई शिक्षक संतोष कुमार जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर में डॉ. रमेश कुमार द्वारा किया गया।
पूर्व पैक्स अध्यक्ष राजकमल सिंह ने कहा कि कुल 148 लोगों ने नाम जोड़ने के लिए आवेदन दिया था, जिनमें से 53 नामों को लेकर विवाद पैदा किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूची में नाबालिग छात्रों और दूसरे पंचायतों के लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं। साथ ही अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को उन्होंने निराधार बताया। वहीं मनोज कुमार जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही करमचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है। मनोज कुमार जायसवाल के आवेदन पर 21 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और निर्वाचन विभाग के अगले आदेश का इंतजार करने की अपील की है।



