Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव से एक विवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने एक व्यक्ति पर पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दी है। साथ ही महिला के घर से गहने और नकदी लेकर जाने की भी बात कही गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीड़ित पति के अनुसार 27 फरवरी 2026 की सुबह करीब 4 बजे उसकी पत्नी शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
परिवार के लोगों ने जब घर में रखे सामान की जांच की तो पता चला कि करीब दो लाख रुपये के गहने और 20 हजार रुपये नगद भी घर से गायब हैं। पति का कहना है कि महिला इन सभी सामानों को अपने साथ लेकर गई है।
पीड़ित ने यह भी बताया कि महिला के दो छोटे बच्चे, जिनमें एक दो वर्ष की बेटी और तीन माह का बेटा शामिल है, को वह घर पर ही छोड़कर चली गई है।
पति का आरोप है कि गांव के ही मनोहर पासवान नामक व्यक्ति ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया है। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य छह लोगों की भी संलिप्तता होने की आशंका जताई गई है, जिसका जिक्र आवेदन में किया गया है।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पति द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।