Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपी कृष्णा साह, उनकी पत्नी कौशल्या देवी तथा पुत्र चंदन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है। गौरतलब है कि बुधवार रात भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में तीन लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल रामाशंकर साह को पहले रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इधर, मृतक की पत्नी पुतुल कुमारी ने पुलिस और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पति की हालत गंभीर होने के बावजूद उन्हें काफी देर तक थाने में रखा गया, जिससे इलाज में देरी हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रेफरल अस्पताल में समय पर समुचित उपचार नहीं मिला और एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया में बहुमूल्य समय नष्ट हो गया, जिसके कारण उनके पति की जान नहीं बच सकी। हालांकि, रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया। उनका कहना है कि पुलिस ने पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई की है और प्रकरण की जांच जारी है।



