Bihar: कैमूर (मोहनियां) – पंडित दीनदयाल उपाध्याय–गयाजी रेलखंड पर स्थित भभुआ रोड स्टेशन के पास शुक्रवार की देर रात एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के अकरी गांव निवासी ददन प्रसाद गुप्ता के 25 वर्षीय पुत्र दिवाकर कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिवाकर शुक्रवार की शाम घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दिवाकर अपने परिवार में दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई दीपक है। घटना की जानकारी मिलते ही घर में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आरपीएफ भभुआ रोड पोस्ट के प्रभारी रामजी लाल बुनकर ने बताया कि स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना दी गई थी कि स्टेशन से पूरब की ओर डाउन लाइन पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जीआरपी को दी गई। इसके बाद जीआरपी ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया।