Home चैनपुर भदौरा में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते कुएं में गिरी 10 वर्षीय बच्ची, दूसरे...

भदौरा में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते कुएं में गिरी 10 वर्षीय बच्ची, दूसरे दिन मिला शव

कैमूर: खेलते समय कुएं में गिरी 10 वर्षीय बच्ची, दूसरे दिन मिला शव; भदौरा गांव में मातम

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर के पास खेल रही 10 वर्षीय बच्ची कुएं में गिर गई, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। बच्ची का शव घटना के अगले दिन कुएं में तैरता हुआ मिला, जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृत बच्ची की पहचान खुशबू कुमारी (10 वर्ष) पिता राजेश बिंद, निवासी ग्राम भदौरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मंगलवार की शाम खुशबू अपने घर के दरवाजे के पास खेल रही थी। घर से कुछ दूरी पर ही एक कुआं स्थित है। खेलते समय वह कब कुएं में गिर गई, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

परिजन द्वारा जानकारी देते हुए
परिजन द्वारा जानकारी देते हुए

शाम तक जब खुशबू घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात तक परिवार और गांव के लोग बच्ची की खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों की नजर घर के पास स्थित कुएं पर पड़ी, जहां पानी में बच्ची का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने किसी तरह शव को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।

परिजनों ने बताया कि खुशबू कुमारी तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। अचानक हुई इस घटना से माता आरती देवी, पिता राजेश बिंद समेत पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घटना के संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे राजेश बिंद अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दर्ज कराने थाना पहुंचे थे। इसी दौरान गांव से फोन आया कि घर के पास स्थित कुएं में बच्ची का शव तैरता हुआ मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

 

Exit mobile version