Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
विवाहिता के अनुसार, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके पिता मोटरसाइकिल देने में असमर्थ थे। इसके बावजूद मांग को लेकर उसके साथ कथित तौर पर लगातार बदसलूकी और मारपीट की जाती रही। इस दौरान एक बेटे का जन्म हुआ, जिसकी उम्र करीब तीन वर्ष बताई गई है। महिला ने एक बच्ची को भी जन्म दिया, जिसकी बीमारी के बाद 1 सितंबर 2026 को मौत हो गई। आवेदन के मुताबिक, मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर विवाहिता को ससुराल से मायके भेज दिया गया और कथित तौर पर कहा गया कि बुलेट लेकर आने के बाद ही उसे वापस घर में रखा जाएगा। बाद में पिता द्वारा समझाने-बुझाने के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया, लेकिन वहां फिर से प्रताड़ना शुरू होने का आरोप है। कुछ समय बाद ससुर विवाहिता को उसके मायके पहुंचा गए।
बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद पति समेत तीन अज्ञात लोगों के शाम करीब पांच बजे विवाहिता के घर पहुंचने और वहां उसके तथा उसके पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर सभी मौके से भाग निकले। इस दौरान आरोपियों की एक हीरो स्प्लेंडर बाइक वहीं छूट गई। विवाहिता ने घटना के बाद चैनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



