Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिक्रमगंज थानाध्यक्ष रंजन कुमार के अनुसार, विहंगम यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध महिलाएं भीड़ में शामिल होकर आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश कर सकती हैं। सूचना के बाद पुलिस ने विशेष निगरानी शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को 13 और मंगलवार को सात महिलाओं को पकड़ा। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को बीएनएसएस की धारा 128 के तहत गिरफ्तार कर अनुमंडल दंडाधिकारी के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वहां से सभी महिलाओं को बांड भरवाने के बाद मुक्त कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी महिलाएं उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की रहने वाली हैं। फिलहाल पुलिस उनके यज्ञ स्थल पर आने के उद्देश्य और गतिविधियों की जांच कर रही है। इस मामले में किसी श्रद्धालु से चोरी की शिकायत या चोरी का सामान बरामद होने की जानकारी सामने नहीं आई है। धार्मिक आयोजनों और मेलों में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल, पर्स और आभूषण चोरी करने की घटनाओं को रोकने के लिए संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विहंगम यज्ञ में भी श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे भीड़ के दौरान अपने मोबाइल, पर्स, नकदी और आभूषणों को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



