Homeकुदराअवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, लाठी लेकर सड़क पर...

अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, लाठी लेकर सड़क पर उतरीं ग्रामीण महिलाएं

कैमूर में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, लाठी लेकर सड़क जाम

Bihar: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर देखने को मिला। मधुबनी टोला के ग्रामीणों ने शराब की खुलेआम बिक्री से परेशान होकर कथराई मोड़ के समीप कुदरा-परसथुआ मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। हाथों में लाठी लेकर सड़क पर उतरी महिलाओं ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जमकर विरोध जताया। प्रदर्शन के कारण कुदरा-परसथुआ मार्ग पर करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान राहगीरों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लाठी लेकर सड़क जाम कर रहीं आक्रोशित महिलाएं
लाठी लेकर सड़क जाम कर रहीं आक्रोशित महिलाएं

शराब कारोबार से युवा पीढ़ी पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि मधुबनी टोला और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से शराब की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। इसके कारण क्षेत्र के युवा नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्क्रियता और शराब कारोबारियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि अवैध शराब की बिक्री को लेकर कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद कारोबार पर रोक नहीं लग सकी। उनका आरोप था कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर मौके पर पहुंचती है और औपचारिकता पूरी कर वापस लौट जाती है।

एक आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर दो घंटे तक अड़े रहे ग्रामीण

प्रदर्शनकारियों ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने, गांव में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले में मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्णा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के अनुसार, उनके गांव का ही एक व्यक्ति इलाके में शराब बेचता है और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज भी करता है। इसी व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था। डीएसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे में जाम समाप्त कर दिया। संबंधित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments