Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18427 पुरी-आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस का गयाजी के बाद सासाराम जंक्शन पर ठहराव निर्धारित है। डीडीयू-गया रेलखंड पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाए जाने के बाद यह ट्रेन निर्धारित समय से पहले सासाराम पहुंच रही थी। रेलवे की समय-सारणी के मुताबिक ट्रेन के सासाराम पहुंचने का समय रात 11:04 बजे और प्रस्थान का समय 11:06 बजे निर्धारित है। लेकिन शनिवार की रात ट्रेन निर्धारित समय से काफी पहले 10:42 बजे ही सासाराम पहुंच गई और महज तीन मिनट बाद 10:45 बजे रवाना भी कर दी गई। इस तरह ट्रेन अपने निर्धारित प्रस्थान समय से 21 मिनट पहले स्टेशन से खुल गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने स्टेशन प्रबंधन के समक्ष नाराजगी जताई।
गार्ड पर जिम्मेदारी डालने से उठे परिचालन व्यवस्था पर सवाल
ट्रेन के समय से पहले खुलने को लेकर यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधन से शिकायत की। बताया जाता है कि स्टेशन मास्टर जितेंद्र कुमार ने शुरुआती तौर पर इस मामले में ट्रेन के गार्ड की गलती बताई। हालांकि, इस घटना ने रेलवे की परिचालन व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए। सवाल यह भी उठने लगा कि जब ट्रेन का निर्धारित प्रस्थान समय रात 11:06 बजे था, तो उससे पहले ट्रेन को रवाना करने के लिए सिग्नल किस आधार पर दिया गया? चालक और गार्ड को समय से पहले ट्रेन खोलने की अनुमति कैसे मिली? क्या परिचालन के दौरान निर्धारित समय-सारणी की अनदेखी की गई?
कुदरा स्टेशन पर रोककर यात्रियों को चढ़ाने की व्यवस्था
मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ। पहले ट्रेन को एडवांस सिग्नल पर रोककर यात्रियों को सवार होने का अवसर दिया गया। इसके बावजूद यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई यात्री पीछे न छूट जाए, ट्रेन को आगे कुदरा रेलवे स्टेशन पर भी रोका गया। डीडीयू रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने इस घटना को रेलवे की बड़ी चूक बताया। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। चालक, गार्ड समेत परिचालन से जुड़े अन्य संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि निर्धारित समय से पहले ट्रेन रवाना होने की स्थिति कैसे बनी।
छूटे यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई
रेलवे प्रशासन की ओर से कुदरा स्टेशन पर स्थानीय स्तर पर उद्घोषणा कर यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दी गई। यात्रियों से कहा गया कि वे ट्रेन संख्या 13151 सियालदह-जम्मूतवी एक्सप्रेस से कुदरा पहुंचकर वहां से 18427 पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस में सवार हो सकते हैं। रेलवे की ओर से इस घटना पर खेद जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का निर्देश दिया गया है।



