Homeरोहतासफ्लिपकार्ट डिलीवरी के नाम पर बड़ा खेल, रोहतास पुलिस ने पकड़ा हाईटेक...

फ्लिपकार्ट डिलीवरी के नाम पर बड़ा खेल, रोहतास पुलिस ने पकड़ा हाईटेक ठगी नेटवर्क

रोहतास में फ्लिपकार्ट पार्सल ठगी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

Bihar: रोहतास (डेहरी-ऑन-सोन): ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की डिलीवरी में हेराफेरी कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का रोहतास पुलिस ने खुलासा किया है। डेहरी नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से कार, लैपटॉप, कैमरा, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गिरफ्तार अपराधी व बरामद सामग्री
गिरफ्तार अपराधी व बरामद सामग्री

फ्लिपकार्ट टीम की सूचना से खुला राज
पुलिस के अनुसार, 13 जून की शाम फ्लिपकार्ट की डेहरी और सासाराम टीम तीन संदिग्ध व्यक्तियों को कुछ पार्सलों के साथ डेहरी नगर थाना लेकर पहुंची। इनमें दो युवक डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे, जबकि तीसरा व्यक्ति महंगे उत्पादों की डुप्लीकेट वस्तुएं तैयार करने का काम करता था। पूछताछ के दौरान तीनों ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का संचालन समस्तीपुर निवासी सत्यकाम उर्फ किशु और अमर राजा कर रहे थे। दोनों ने युवकों को प्रतिमाह 40 हजार रुपये देने का लालच देकर इस अवैध कारोबार में शामिल किया था।

ऐसे दिया जाता था ठगी को अंजाम
जांच में सामने आया कि गिरोह ऑनलाइन ऑर्डर किए गए महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों को निशाना बनाता था। डिलीवरी के दौरान पार्सल खोलकर असली सामान निकाल लिया जाता था और उसकी जगह कम कीमत या नकली वस्तुएं रखकर दोबारा पैक कर दिया जाता था। इससे ग्राहकों के साथ-साथ ई-कॉमर्स कंपनी को भी भारी नुकसान होता था।

विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। तकनीकी जांच और स्थानीय पुलिस की मदद से एक संदिग्ध कार की पहचान की गई। सूचना मिलने पर गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में वाहन को रोककर उसमें सवार अमर राजा और सत्यकाम चौधरी को हिरासत में लिया गया।दोनों को डेहरी थाना लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ।

वाहन से मिला भारी मात्रा में सामान
तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बरामद किए। इनमें सोनी कैमरा, लैपटॉप, मोबाइल फोन, एप्पल हेडफोन, बॉडी कैमरा, स्मार्ट वॉच, गो-प्रो कैमरा, ईयरबड्स, चार्जिंग केबल, प्लास्टिक सीलिंग मशीन और अन्य उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा दो हार्ड एयर गन भी जब्त की गई हैं।

पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सत्यकाम उर्फ किशु, अमर राजा, चंदन कुमार, प्रदीप कुमार प्रिंस और हर्षल कुमार को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी समस्तीपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

बरामद सामान की सूची
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने एक कार, सात मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक सोनी कैमरा, तीन एप्पल हेडफोन, 15 बॉडी कैमरा, पांच ईयरबड्स, छह स्मार्ट वॉच, तीन गो-प्रो कैमरा, 14 चार्जर एवं डेटा केबल, दो हार्ड एयर गन, प्लास्टिक सीलिंग मशीन और सीलिंग रोल बरामद किए हैं।

जांच का दायरा बढ़ा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह एक सुनियोजित और संगठित ठगी नेटवर्क का मामला प्रतीत हो रहा है। गिरोह ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भेजे जाने वाले महंगे उत्पादों की अदला-बदली कर धोखाधड़ी करता था। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान अपर थानाध्यक्ष संजय विकास त्रिपाठी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments