Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात संतोषी अपनी बड़ी बहन के साथ फूस से बने घर के अंदर जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो रही थी। देर रात करीब दो बजे किसी जहरीले सांप ने उसके हाथ में काट लिया। बच्ची के चीखने पर परिजन जागे और तत्काल उसे झाड़-फूंक के लिए बड्ढा गांव ले गए। वहां स्थानीय वैद्य ने जड़ी-बूटी देने के बाद बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन उसे रामगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने पूछताछ के दौरान यह जानना चाहा कि आखिर किस जीव ने काटा है, लेकिन परिजन स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में संतोषी ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार, मृत बच्ची के पिता अरविंद यादव आर्थिक रूप से कमजोर हैं। संतोषी दो बहनों में सबसे छोटी थी और गांव के सरकारी विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।



