Home वैशाली फिल्मी अंदाज़ में डकैती: 30 हथियारबंद बदमाशों का हमला, बम धमाकों के...

फिल्मी अंदाज़ में डकैती: 30 हथियारबंद बदमाशों का हमला, बम धमाकों के बीच ज्वेलर्स के घर लूट

वैशाली डकैती: महनार के थानपुर में 30 हथियारबंद डकैतों का हमला, बम धमाकों के बीच लूट

Bihar: वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र स्थित थानपुर गांव में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की घटना ने इलाके को दहला दिया। करीब 25 से 30 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से ज्वेलरी व्यवसायी के घर पर धावा बोलते हुए बम धमाकों के बीच बड़ी लूट को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, डकैतों ने सबसे पहले घर के मुख्य गेट को टेंगारी से काटकर रास्ता बनाया और जबरन अंदर घुस गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

इसके बाद पूरे गांव में दहशत फैलाने के लिए 10 से अधिक बम धमाके किए गए। तेज आवाजों से लोग सहम गए और कोई भी घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। घटना के दौरान घर में मौजूद रंजीत कुमार और उनके पिता सुरेश शाह के साथ बदमाशों ने मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। इसके बाद डकैतों ने घर में रखे सोना-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सभी अपराधियों ने चेहरे पर गमछा और मास्क लगा रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। रंजीत कुमार चांद सराय में “पूजा ज्वैलर्स” नाम से दुकान चलाते हैं, जिसे भी डकैतों ने निशाना बनाया।

घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वारदात के दौरान पुलिस और डायल-112 को कई बार कॉल किया गया, लेकिन पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, घायल पिता-पुत्र का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है। इस बड़ी डकैती की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है और एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Exit mobile version