Home वैशाली सात जन्मों का साथ तीन महीने में खत्म, फंदे से लटके मिले...

सात जन्मों का साथ तीन महीने में खत्म, फंदे से लटके मिले रवि और उर्मिला

वैशाली में नवविवाहित दंपति की संदिग्ध मौत, बंद कमरे में फंदे से लटके मिले पति-पत्नी

सूचना पर पहुंची पुलिस

Bihar: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पकरी गांव में मंगलवार सुबह एक नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घर के बंद कमरे में पति-पत्नी का शव फंदे से लटका मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है। घटना ने परिजनों सहित ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है। मृतकों की पहचान माइल गांव के मकड़ी चौक निवासी बैजनाथ चौरसिया के 26 वर्षीय पुत्र रवि कुमार तथा उनकी 21 वर्षीय पत्नी उर्मिला कुमारी के रूप में की गई है। उर्मिला बिदुपुर के कुतुबपुर सैदपुर निवासी रेखा भगत की पुत्री थीं। दोनों का विवाह इसी वर्ष 27 फरवरी 2026 को सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रोते बिलखते परिजन
रोते बिलखते परिजन

 

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात दोनों ने परिवार के साथ भोजन किया और अपने कमरे में सोने चले गए। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घरवालों को आशंका हुई। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो पति-पत्नी के शव फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर बिदुपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आखिर शादी के महज तीन महीने बाद नवदंपति ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version