Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गुप्त सूचना पर शुरू हुई वाहनों की सघन जांच
इस संबंध में उत्पाद जांच चौकी के प्रभारी निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा मैजिक वाहन के जरिए भारी मात्रा में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मद्य निषेध पुलिस ने समेकित चेक पोस्ट पर उत्तर प्रदेश की तरफ से आने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान सफेद रंग का एक टाटा मैजिक वाहन चेक पोस्ट पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने वाहन को रुकने का इशारा किया। इसी बीच वाहन में सवार एक व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।
फलों के नीचे छिपी मिली शराब की 101 पेटियां
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। टाटा मैजिक में फलों के नीचे शराब और बीयर की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। जांच के दौरान कुल 101 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें शराब और बीयर की कुल मात्रा 980.520 लीटर पाई गई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखरौली बरौली निवासी स्वर्गीय लाल बहादुर गुप्ता के 28 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में हुई है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया गिरफ्तार तस्कर
पुलिस ने शराब की पूरी खेप और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, फरार दूसरे तस्कर की तलाश में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



