Homeरामगढ़पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, आरोपी को छुड़ाकर ले गई भीड़;...

पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, आरोपी को छुड़ाकर ले गई भीड़; दो जवान घायल, वाहन में तोड़फोड़, 6 गिरफ्तार, कई हिरासत में

रामगढ़ में पुलिस टीम पर हमला, आरोपी को छुड़ाया; 6 गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के किशुनपुरा गांव में चोरी के आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार को कार्रवाई के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान जवानों के साथ मारपीट की गई और 112 पुलिस वाहन के शीशे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हंगामे के बीच हिरासत में लिया गया आरोपी भी पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया गया। बताया जाता है कि 10 अगस्त को दीनदयाल उपाध्याय के चेंबर में चोरी की घटना हुई थी। इसी मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस किशुनपुरा गांव पहुंची थी। पुलिस टीम एक संदिग्ध आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने लाने की तैयारी में थी। इसी दौरान आरोपी के परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस वाहन को घेर लिया गया। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की तथा वाहन में तोड़फोड़ की। घटना में हवलदार जयप्रकाश मंडल और महिला पुलिसकर्मी पूजा कुमारी के घायल होने की सूचना है। पुलिस के अनुसार, हंगामे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भीड़ में शामिल लोगों ने हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोहनिया इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल किशुनपुरा गांव भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घटना में शामिल लोगों की पहचान शुरू की।
मामले में पुलिस ने पूर्णमासी मुसहर, बाढ़ू मुसहर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

वहीं आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि 10 अगस्त को हुई चोरी की घटना के संबंध में आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने पुलिस टीम गांव गई थी। इसी दौरान लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस चोरी की मूल घटना के साथ-साथ पुलिस टीम पर हमले, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ और हिरासत से आरोपी को छुड़ाने की घटना को भी जांच के दायरे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments