Home चैनपुर पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप: मदुरना में गोलीबारी-आगजनी, पिता-पुत्री घायल

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप: मदुरना में गोलीबारी-आगजनी, पिता-पुत्री घायल

कैमूर में गोलीबारी और आगजनी: मदुरना गांव में पिता-पुत्री घायल, गांव में तनाव

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदुरना गांव में रविवार देर रात पुरानी दुश्मनी ने हिंसक रूप ले लिया। गोलीबारी, चाकूबाजी और आगजनी की इस घटना में पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, रात करीब 9 से 10 बजे के बीच गांव के ही कुछ लोग हथियारों के साथ पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान शरीफ सिंह के हाथ में गोली लग गई, जबकि बीच-बचाव में आई उनकी पुत्री किरण कुमारी को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। दोनों घायलों को पहले भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

आगजनी से भारी नुकसान

हमलावरों पर आरोप है कि उन्होंने ग्राम पंचायत की मुखिया के चेंबर में घुसकर आगजनी की। इस दौरान—
फर्नीचर और जरूरी कागजात जलकर खाक हो गए। दरवाजे पर खड़ी ट्रैक्टर में आग लगा दी गई। घर के बाहर रखे गेहूं के बोझे भी जला दिए गए।

दोनों पक्षों के अलग-अलग आरोप

इस मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने पूर्व विवाद को लेकर हमला किया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि यह पूरी घटना साजिश के तहत रची गई है, ताकि पुराने केस में समझौते का दबाव बनाया जा सके। बताया जा रहा है कि करीब 5 साल पहले एक युवती को भगाने के मामले में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। उसी मामले को लेकर अब तक तनाव बना हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई और तैनाती

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। देर रात कैमूर एसपी और भभुआ एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

 

Exit mobile version