Home पटना पटना में पुलिस–अपराधी मुठभेड़: लूटकांड के आरोपित के पैर में लगी गोली,...

पटना में पुलिस–अपराधी मुठभेड़: लूटकांड के आरोपित के पैर में लगी गोली, दो हथियार बरामद

पटना में पुलिस मुठभेड़: लूटकांड के आरोपित के पैर में लगी गोली, हथियार बरामद | Patna News

Bihar, पटना: पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान लूटकांड के एक आरोपित के पैर में पुलिस की गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने दो अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घायल आरोपित की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के चौरासी गांव निवासी नीतिश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस उसके दो अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

कैसे हुई मुठभेड़
सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस लूट के प्रयास में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए नीतिश कुमार को उसकी निशानदेही पर रतन टोला घाट ले गई थी। इसी दौरान मौका पाकर आरोपित ने छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक राउंड फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपित के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू में ले लिया। इस फायरिंग में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार बाल-बाल बच गए।

पहले भी की थी फायरिंग की वारदात
पुलिस के अनुसार, बीते 9 जनवरी की रात मनेर थाना क्षेत्र के काजी मुहल्ला स्थित गणपति ज्वेलर्स के मालिक विजय कुमार सोनी के पुत्र संजय कुमार सोनी दुकान बंद कर बाइक से कटहरा मुहल्ला होते हुए घर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने कट्टा सटाकर उन्हें रोक लिया और गले से चेन व जेब से अन्य सामान लूटने का प्रयास किया।
विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली संजय कुमार सोनी के कंधे में लग गई थी। इस घटना के बाद सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

विशेष टीम ने दबोचा आरोपित
विशेष टीम में दानापुर एएसपी, मनेर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। गहन छानबीन के बाद पुलिस ने लूट के प्रयास के दौरान गोली चलाने वाले मुख्य आरोपित की पहचान नीतिश कुमार के रूप में की और गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने वारदात में इस्तेमाल हथियार की जानकारी दी, जिसके बाद बरामदगी के लिए पुलिस उसे रतन टोला घाट ले गई थी।
और भी मामले होंगे दर्ज
सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग करने और पुलिस की गिरफ्त से भागने के प्रयास का भी अलग से मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
घटना की सूचना पर मनेर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Exit mobile version