Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के मुताबिक पिंकी देवी, सर्वजीत यादव की पत्नी थी और पिछले 4 मई से लापता बताई जा रही थी। मृतका के पिता शिव प्रसाद यादव ने 5 मई को करमचट थाने में बेटी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान जब पुलिस मड़ैचा गांव स्थित ससुराल पहुंची तो कई सदस्य घर छोड़कर फरार मिले, जिससे शक और गहरा गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के भैंसुर सह उपप्रमुख सुनील यादव और देवर इंद्रजीत यादव उर्फ इंदल को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में दोनों लगातार बयान बदलते रहे, लेकिन सख्ती के बाद घटना का खुलासा हो गया। पुलिस के अनुसार 4 मई को पिंकी देवी और परिवार की एक महिला के बीच विवाद हुआ था।
इसके बाद पिंकी देवी की मौत हो गई। घटना के बाद मामले को दबाने के लिए शव को अधौरा पहाड़ी के जंगल में ले जाकर जला दिया गया। गुरुवार को एफएसएल टीम, पुलिस अधिकारी और मृतका के परिजनों की मौजूदगी में जंगल से जले अवशेष, राख और अन्य नमूने बरामद किए गए। इन्हें डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



