Homeचैनपुरजमीन विवाद के निपटारे के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे दो पक्ष, समझौते...

जमीन विवाद के निपटारे के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे दो पक्ष, समझौते से पहले ही भिड़े; एक गंभीर घायल

भभुआ अंचल कार्यालय में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, एक घायल

Bihar: कैमूर जिले के भभुआ अंचल कार्यालय परिसर में सोमवार को जमीन विवाद के समाधान के लिए बुलाए गए दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के सीवों गांव निवासी स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के 35 वर्षीय पुत्र शशि कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल के भाई रवि कुमार सिंह ने बताया कि डीएम आवास के समीप करीब 44 डिसमिल जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगभग आठ महीने से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष द्वारा उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

रवि कुमार सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में भभुआ नगर के पूर्व सभापति अमरदेव सिंह, उनके पुत्र और राधे सिंह द्वारा जमीन पर जबरन हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जमीन को लेकर पहले भी कई बार अंचलाधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। बताया गया कि जमीन विवाद के समाधान को लेकर भभुआ अंचलाधिकारी ने दोनों पक्षों को कार्यालय बुलाया था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि अंचल कार्यालय परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घायल के परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान शशि कुमार सिंह के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजनों ने घायल शशि कुमार सिंह को भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अभिलाष चंद्रा ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया।
मामले को लेकर भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे हुए हैं। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। दोनों पक्षों के लोग अपना-अपना आवेदन तैयार कर रहे हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments