Bihar, कैमूर: जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा कला गांव में जमीन विवाद ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। यहां सगे भाइयों के बीच चल रहे भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे राम मिश्रित सिंह के भाई हरि शंकर सिंह, अपने बेटों और पत्नी के साथ कथित तौर पर जबरन विवादित जमीन पर मकान निर्माण के लिए ईंट गिरा रहे थे। इसी दौरान राम मिश्रित सिंह के बेटे चंदन सिंह ने इसका विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद हरि शंकर सिंह, उनके बेटे गुड्डू सिंह, कृष्णा पटेल, सोनू पटेल और पत्नी सुनीता देवी ने मिलकर चंदन सिंह पर लाठी, ईंट और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने घायल चंदन को पहले मोहनियां अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे बनारस ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान चंदन सिंह की मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के पिता ने अपने ही भाई सहित पांच लोगों के खिलाफ मोहनियां थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले को लेकर मोहनियां एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्राथमिकी में नामजद पांच आरोपियों में से एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष चार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार महिला को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।