Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
7 मार्च 2025 को हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार भभुआ वार्ड नंबर 5 निवासी मनोज सिंह की बेटी निधि सिंह की शादी 7 मार्च 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से मोहनियां थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव निवासी नथुनी सिंह के पुत्र आलोक कुमार सिंह के साथ हुई थी। विवाहिता के पिता के मुताबिक, शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा। निधि के अनुसार शादी के करीब चार महीने बाद उसकी विदाई कराकर मायके लाया गया। इसके बाद वह इंतजार करती रही कि पति या ससुराल वाले उसे वापस लेने आएंगे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद ऐसा नहीं हुआ। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग फोन पर भी बातचीत करने को तैयार नहीं थे।
परिजनों के साथ खुद पहुंची ससुराल
काफी इंतजार के बाद निधि अपने पिता और अन्य परिजनों के साथ ससुराल पहुंची। विवाहिता का आरोप है कि उसके पहुंचते ही घर का दरवाजा बंद कर दिया गया। काफी आग्रह के बावजूद जब दरवाजा नहीं खोला गया तो वह वहीं घर के बाहर बैठ गई और धरना शुरू कर दिया। विवाहिता ने कहा कि “मेरी शादी इसी घर में हुई है। जब तक ससुराल वाले दरवाजा नहीं खोलेंगे, तब तक मैं यहीं बैठी रहूंगी।”
पिता का आरोप- शादी में 40 लाख रुपये खर्च किए
विवाहिता के पिता मनोज सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी आलोक कुमार सिंह से हुई है, जो मोहनियां प्रखंड के सिरहिरा स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की शादी में करीब 40 लाख रुपये खर्च किए गए थे। मनोज सिंह का कहना है कि उनकी बेटी कुछ समय ससुराल में रही और इसके बाद विदाई कराकर मायके आई। लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से उसे वापस लेने कोई नहीं आया। उनका कहना है कि वह अपनी बेटी को लेकर ससुराल पहुंचे हैं, लेकिन घर का दरवाजा बंद कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी पर किसी से बातचीत करने या मारपीट करने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, जो उनके अनुसार गलत हैं। पिता ने कहा कि वह फिलहाल कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते, बल्कि चाहते हैं कि उनकी बेटी को उसका ससुराल मिल जाए।
“घर नहीं ले जाऊंगा, यहीं रहूंगी”
विवाहिता निधि का कहना है कि वह अपने पति के घर आई है और अब वापस मायके नहीं जाएगी। उसका कहना है कि जब तक घर का दरवाजा नहीं खुलेगा, वह ससुराल के बाहर ही बैठी रहेगी। फिलहाल विवाहिता के ससुराल के दरवाजे पर धरने से मामला चर्चा में है। अब देखना होगा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान किस तरह होता है और विवाहिता को ससुराल में प्रवेश मिलता है या नहीं।



