Home भागलपुर खाकी पर खाकी का हमला: आपसी विवाद में दरोगा ने सिपाही को...

खाकी पर खाकी का हमला: आपसी विवाद में दरोगा ने सिपाही को किया चाकू से लहूलुहान

नवगछिया में दरोगा का सिपाही पर चाकू से हमला, जवान गंभीर

Bihar | भागलपुर/नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिला से शुक्रवार सुबह एक चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्यूटी के दौरान हुए आपसी विवाद में एक दरोगा ने पीटीसी सिपाही पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना में घायल सिपाही की पहचान पीटीसी जवान विशाल कुमार के रूप में हुई है। हमले के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया।

गंभीर हालत में मायागंज रेफर
अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल सिपाही की हालत को गंभीर बताते हुए उसे भागलपुर स्थित मायागंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि मायागंज ले जाने के दौरान विक्रमशिला सेतु पर भारी जाम के कारण एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही, जिससे घायल की स्थिति और बिगड़ने लगी।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद स्थानीय पत्रकारों की सक्रियता से यातायात को नियंत्रित कराया गया, जिसके बाद एंबुलेंस को आगे का रास्ता मिल सका और घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।

मजाक से शुरू हुई बात, हिंसा में बदली
घायल सिपाही विशाल कुमार के अनुसार, सुबह ड्यूटी के दौरान दरोगा के साथ सामान्य बातचीत और हल्का मजाक चल रहा था। इसी बीच अचानक दरोगा ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

एसआईटी गठित, जांच तेज
मामले को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी नवगछिया टाउन थाना को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द कार्रवाई का दावा किया जा रहा है।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना के बाद नवगछिया पुलिस जिला में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। खाकी के भीतर इस तरह की हिंसक घटना को बेहद गंभीर माना जा रहा है और उच्च अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Exit mobile version