Homeमुजफ्फरपुरकोलकाता भगदड़ में उजड़ा मुजफ्फरपुर का परिवार, पिता-पुत्र की मौत पर बंगाल...

कोलकाता भगदड़ में उजड़ा मुजफ्फरपुर का परिवार, पिता-पुत्र की मौत पर बंगाल सरकार ने दी 50 लाख की आर्थिक मदद

कोलकाता भगदड़ में पिता-पुत्र की मौत, मुजफ्फरपुर परिवार को मिले 50 लाख रुपये

Bihar: मुजफ्फरपुर, कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल के दौरान हुई भगदड़ ने मुजफ्फरपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में पिता और उनके सात वर्षीय बेटे की मौत के बाद शुक्रवार को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री उमेश राय मुजफ्फरपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सहायता राशि के चेक सौंपे। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे मुजफ्फरपुर पहुंचे मंत्री ने मृतक अभिषेक कुमार श्रीवास्तव के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मृतक पिता और पुत्र के नाम पर 25-25 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक परिवार को सौंपे गए। इस दौरान परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

एक हादसे ने छीन ली पिता और बेटे की जिंदगी

दरअसल, बीते 17 अक्टूबर को कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भारी बारिश के बीच अचानक भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में कुल 19 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 25 लोग घायल हुए थे। मृतकों में मुजफ्फरपुर के भगवानपुर बीबीगंज स्थित सकेतपुरी निवासी अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उनका सात वर्षीय बेटा आयुष कुमार श्रीवास्तव भी शामिल थे। अभिषेक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करते थे। हादसे में उनकी पत्नी निभा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। वहीं, परिवार के साथ मौजूद परिचित राजेश कुमार श्रीवास्तव भी घायल हुए थे। इस घटना के बाद से ही परिवार गहरे सदमे में है।

भाई ने कहा- आर्थिक मदद के साथ नौकरी भी दे सरकार

मुआवजा राशि मिलने के बाद मृतक के भाई अंकित कुमार श्रीवास्तव ने पश्चिम बंगाल सरकार से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस हादसे में उनके परिवार के दो चिराग बुझ गए हैं। पिता और पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे में आर्थिक सहायता के साथ परिवार के किसी एक सदस्य को रोजगार मिलना भी जरूरी है, ताकि भविष्य में परिवार की आजीविका चलाने में सहारा मिल सके।

मंत्री बोले- परिवार को हर संभव मदद देगी सरकार

पश्चिम बंगाल सरकार में संसदीय कार्य, शहरी विकास एवं नगर पालिका विभाग के मंत्री उमेश राय ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान हुई यह घटना बेहद दुखद थी। इस हादसे ने न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे देश को झकझोर दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वे पीड़ित परिवार से मिलने और सहायता राशि सौंपने मुजफ्फरपुर पहुंचे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में पश्चिम बंगाल सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। भविष्य में भी परिवार को जिस तरह की सहायता की आवश्यकता होगी, सरकार अपनी ओर से हर संभव मदद करने का प्रयास करेगी।

SIT कर रही हादसे की जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई

मंत्री उमेश राय ने बताया कि कोलकाता भगदड़ मामले की जांच विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मुजफ्फरपुर नगर के भाजपा विधायक रंजन कुमार सहित भाजपा के कई नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments