Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
17 नवंबर की रात गायब हुआ था युवक
जानकारी के मुताबिक, नयन दास 17 नवंबर को अपनी बहन के घर अनगढ़ पहुंचा था। इसी दौरान रात में वह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसकी बहन ने अनगढ़ थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष विकास कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कर वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर बायसी एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के साथ मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर अनगढ़ निवासी गुड्डू कुमार (20 वर्ष), पिता संतोष लाल सिंह और मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने प्रेम प्रसंग के कारण नयन दास की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि दोनों ने मिलकर 17 नवंबर की रात नयन दास की गला रेतकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव के पास धान के खेत में फेंक दिया।
आरोपित के खून से सने कपड़े बरामद
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 18 नवंबर को शाहपुर गांव के धान के खेत से नयन दास का शव बरामद किया। इसके साथ ही पुलिस ने मुख्य आरोपित गुड्डू कुमार के खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। उसके हाथ पर लगे रक्त के धब्बों को भी साक्ष्य के तौर पर चिह्नित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर फिलहाल पुलिस ने विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय, अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार, रौटा थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव, अपर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल, खाड़ी महीनगांव ओपी प्रभारी मंतोष यादव, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, सुनील पासवान सहित अनगढ़ थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। संपादकीय नोट: खबर में पुलिस की ओर से पूछताछ में सामने आए तथ्यों को आरोप के रूप में प्रस्तुत किया गया है। आरोपितों को दोषी ठहराने का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।



