Home मोहनिया कैमूर में ‘शव वाली बोरियों’ से फैली सनसनी, पुलिस जांच में सामने...

कैमूर में ‘शव वाली बोरियों’ से फैली सनसनी, पुलिस जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

कैमूर में बोरियों में शव होने की अफवाह, पुलिस जांच में निकले मरे हुए मुर्गे

Bihar:  कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जीटी रोड-जिगिना पथ स्थित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के दक्षिण बधार में दो संदिग्ध बोरियां पड़ी मिलीं। बोरियों से तेज दुर्गंध निकल रही थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि उनमें किसी व्यक्ति का शव हो सकता है। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत मोहनियां थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा और सतर्कता बरतते हुए दोनों बोरियों की जांच करवाई। जब बोरियां खोली गईं तो अंदर से मरे हुए मुर्गे निकले। यह देख पुलिस और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने मृत मुर्गों को बोरी में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया था। हालांकि बोरियों की संदिग्ध स्थिति और उनसे उठ रही बदबू ने ग्रामीणों के मन में अनहोनी की आशंका पैदा कर दी थी। खास बात यह रही कि तुलसीपुर यादव डेरा के पूर्व बधार में कुछ समय पहले अज्ञात शव मिलने की घटना के कारण लोग पहले से ही डरे और सतर्क थे, जिससे अफवाहें तेजी से फैलने लगीं।

करीब एक घंटे तक यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा। बाद में पुलिस जांच में किसी भी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं होने पर लोगों ने राहत महसूस की। मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से दो बोरियों में शव होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें बोरियों के अंदर मरे हुए मुर्गे पाए गए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें, लेकिन अफवाहों पर भरोसा न करें।

 

Exit mobile version