Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घटनास्थल से मिले दो खोखे, मुखिया के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई
जानकारी के अनुसार, डंडवास पंचायत के मुखिया राजेश प्रजापति के घर पर बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग की। घटना की सूचना मिलने पर मोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। इस दौरान पुलिस ने दो खोखे बरामद किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुखिया के घर की सुरक्षा के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई है।
चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी, एक गिरफ्तार
घटना को लेकर मुखिया राजेश प्रजापति ने मोहनियां थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंडवास गांव निवासी शिव शंकर पांडे के पुत्र विनय पांडे को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपियों की पहचान डंडवास गांव निवासी तीर्थराज तिवारी के पुत्र सोनू तिवारी और बबलू तिवारी तथा भगवानपुर थाना क्षेत्र के कटकरा गांव निवासी हरिद्वार चौबे के पुत्र अंकित चौबे के रूप में हुई है।
सोनू तिवारी पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी सोनू तिवारी के खिलाफ मोहनिया थाने में पांच मामले दर्ज हैं। इसके अलावा कुदरा और रामगढ़ (नुआंव) थाने में भी उसके खिलाफ एक-एक मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वहीं, सोनू तिवारी और बबलू तिवारी के खिलाफ मोहनिया थाने में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत दो मामले दर्ज हैं।
जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप
मुखिया राजेश प्रजापति ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की नीयत से उनके घर पर गोलीबारी की गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस संबंध में मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मुखिया के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में एक नामजद आरोपी विनय पांडे को गिरफ्तार किया गया है। शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



