Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कैमूर (भभुआ) की ओर से 12 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भभुआ थाना कांड संख्या 1080/26, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338(3) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में प्राकृतिक बायो सॉल्यूशन नामक फर्जी कंपनी के माध्यम से लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम कई व्यक्तियों से खाद डिस्ट्रीब्यूटर और पॉली हाउस की डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने के नाम पर ली गई थी। अनुसंधान के दौरान पता चला कि कैमूर जिले के रामगढ़, सोनहन, साइबर और भभुआ थाना क्षेत्रों में इस कंपनी के विरुद्ध लगभग 33 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। वहीं, झारखंड राज्य में भी इसी कंपनी के खिलाफ करीब 77 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कैमूर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर 2026 को ठगी के मामले में संलिप्त महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है, ताकि ठगी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सके। कैमूर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप या व्यवसायिक निवेश के नाम पर बड़ी रकम देने से पहले उसकी सत्यता और वैधानिकता की जांच अवश्य कर लें।



